Jamshedpur: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के जमशेदपुर हाई स्कूल एवं टाटा फुटबॉल अकादमी के सामने स्थित बजरंग चाय दुकान का परिवार इन दिनों गहन संकट और भय के साए में जी रहा है। 26 वर्षीय मेहंदी कुमारी जो इस दुकान में काम कर रही थी, गंभीर रूप से घायल होकर टाटा मेडीकल हॉस्पिटल के बर्न यूनिट में जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रही हैं। घटना 6 अप्रैल की संध्या की है, जब छः से सात अपराधी भाजपा का झंडा लगी कार में आए और दुकान पर उधार चाय मांगने लगे। चाय देने में देरी होने पर अपराधियों ने पूरे परिवार को जमकर पीटा और दुकान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। फिर भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने उबलती हुई लगभग 20 किलो चाय मेहंदी कुमारी के ऊपर फेंक दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
अपराधियों का दबाव
घटना के बाद पूरे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का कहना है कि वे इज्जत से अपना भरण-पोषण कर रहे हैं, लेकिन अपराधियों की बर्बरता ने उनके जीवन को खतरे में डाल दिया। इलाज के दौरान मेहंदी कुमारी के परिजन आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और साथ ही उन्हें अपराधियों की तरफ से धमकियां मिल रही हैं। फोन पर उन्हें समझौता करने और मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई में एक आरोपी गिरफ्तार
इस मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह तुरंत टाटा मेडीकल हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से वार्ता कर उनकी मदद करने का भरोसा दिया और मामले की सूचना जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक को दी। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी अपराधियों की तलाश जारी है। विकास सिंह ने कहा कि चाय बेचने वाली बेटी के साथ हुई यह घटना न केवल मानवता के लिए कलंक है, बल्कि यह पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने झारखंड प्रदेश के लोगों से अपील की है कि वे इस परिवार को न्याय दिलाने में मदद करें और अपराधियों को कानून के कटघरे में लाने में सहयोग दें।
परिवार ने मुख्य अभियुक्त का उपलब्ध कराया फोटो
परिजन और समाज इस बात को लेकर आहत हैं कि भाजपा झंडा लगी कार से आए अपराधियों के चलते उन्हें यह लगता है कि अपराधी उच्च रसूख वाले हैं और कोई उनकी सुनवाई नहीं करेगा। परिवार ने मुख्य अभियुक्त का फोटो उपलब्ध कराया है, फिर भी कार्रवाई में देरी के कारण भय और असहायता की स्थिति बनी हुई है। विकास सिंह ने स्पष्ट किया कि परिवार को हरसंभव मदद दी जाएगी और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाई जाएगी।