Allu Arjun Birthday: साउथ के सुपरस्टार Allu Arjun के जन्मदिन पर फैंस की दीवानगी इस बार हद पार करती नजर आई. 7 अप्रैल की रात से ही उनके घर के बाहर हजारों की संख्या में लोग जुटने लगे. देखते ही देखते जश्न का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया और हालात संभालने के लिए पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी.
जश्न से बिगड़े हालात, बढ़ती भीड़ बनी चुनौती
मंगलवार देर रात Allu Arjun के घर के बाहर फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. कोई पटाखे जला रहा था, तो कुछ लोग पूजा-अर्चना कर अपने पसंदीदा स्टार के लिए दुआ कर रहे थे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भीड़ लगातार बढ़ती गई और एक समय पर स्थिति नियंत्रण से बाहर होती दिखी. सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने बैरिकेड्स लगाकर भीड़ को रोकने की कोशिश की और लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील की, लेकिन उत्साह में कई फैंस आगे बढ़ते रहे.
पुलिस का हल्का बल प्रयोग,लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाया गया
हालात बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और लाठी के सहारे भीड़ को पीछे धकेला गया.
इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि कुछ देर बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया.
फैंस के बीच पहुंचे Allu Arjun. हाथ जोड़कर जताया धन्यवाद
घटना के बाद Allu Arjun ने अपने फैंस को निराश नहीं किया, वह घर से बाहर आए और हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वह शांत अंदाज में फैंस का आभार जताते नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों का उत्साह और बढ़ गया.
43 साल के हुए स्टार, हिट फिल्मों से बनाई अलग पहचान
8 अप्रैल 1982 को जन्मे Allu Arjun आज 43 साल के हो गए हैं. उन्होंने 2003 में फिल्म "गंगोत्री" से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद "पुष्पा", "आर्य" और "डीजे" जैसी फिल्मों से उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी खास जगह बनाई. आने वाले समय में वह फिल्म "राका" में नजर आने वाले हैं, जिसे Atlee निर्देशित कर रहे हैं.
यह घटना एक तरफ जहां फैंस के जबरदस्त प्यार को दिखाती है, वहीं यह भी बताती है कि बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना कितना जरूरी हो जाता है. हालांकि, Allu Arjun के शांत और विनम्र व्यवहार ने माहौल को फिर से सामान्य बना दिया.