IPL 2026: बेंगलुरु ने चौथी बार चेन्नई को धूल चटा कर शानदार जीत हासिल की, ऐसा पहली बार हुआ है जब RCB ने CSK के खिलाफ इतनी बड़ी जीत हासिल की है।
कप्तान Rajat Patidar की अगुवाई में RCB का दमदार प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में RCB का शानदार फॉर्म जारी है। टीम ने लगातार इस सीजन दूसरा मैच जीतकर ये साफ कर दिया है कि वो इस बार भी चैंपियन वाली फॉर्म में है। कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम हर मैच में कमाल कर रही है।
43 रन से RCB की बड़ी जीत
इस मैच में RCB के बल्लेबाजों ने जोरदार प्रदर्शन किया।टिम डेविड की तूफानी पारी की बदौलत टीम ने 250 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया, जो इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में चेन्नई की टीम 207 रन ही बना सकी और 43 रन से मैच हार गई।
टॉप ऑर्डर ने रखी मजबूत नींव
शुरुआत में विराट कोहली और फिल सॉल्ट थोड़ा संभलकर खेले, लेकिन चौथे ओवर के बाद दोनों ने तेजी पकड़ ली। कोहली ने 28 रन बनाए, जबकि सॉल्ट ने 46 रन की अच्छी पारी खेली। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया।
आखिरी ओवरों में RCB का पावर ब्लास्ट
लेकिन असली तूफान आखिर के ओवर्स में आया जब कप्तान पाटीदार और टिम डेविड मैदान पर थे। दोनों ने मिलकर आखिरी के 5 ओवर में 97 रन बनाए। टिम डेविड ने सिर्फ 25 गेंदों में 70 रन ठोक दिए, जिसमें 8 जबरदस्त छक्के शामिल थे। वहीं पाटीदार ने भी 19 गेंदों में 48 रन बना दिए।
RCB का ऑलराउंड शो, बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी कमाल
RCB ने पूरे मैच में 19 छक्के और 14 चौके लगाए। जैकब डफी ने शुरुआत में ही CSK के टॉप ऑर्डर को झटका दे दिया। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और बाकी बल्लेबाज भी जल्दी आउट हो गए।
हर मोर्चे पर RCB भारी, चेन्नई पूरी तरह बेबस
सरफराज खान ने जरूर 50 रन बनाकर थोड़ी उम्मीद जगाई, लेकिन क्रुणाल पंड्या ने उन्हें भी चलता कर दिया। इसके बाद शिवम दुबे भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए। आखिर में कुछ योगदान जरूर आए, लेकिन भुवनेश्वर कुमार ने अहम विकेट लेकर मैच पूरी तरह RCB के नाम कर दिया। उन्होंने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। बैटिंग और बॉलिंग दोनों में RCB ने CSK को पूरी तरह पछाड़ा और एक शानदार जीत दर्ज की।