Bokaro News : सीआईएसएफ के लाठीचार्ज में शहीद हुए विस्थापित प्रेम प्रकाश महतो की पहली पुण्यतिथि शुक्रवार को बोकारो स्टील प्लांट में नियोजन की मांग के दौरान मनाई गई। इस अवसर पर सेक्टर-11 स्थित बोकारो स्टील द्वारा उपलब्ध कराए गए स्थल पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण चम्पई सोरेन द्वारा किया गया।कार्यक्रम में माले विधायक अरूप चटर्जी, पूर्व विधायक विनोद सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विस्थापित लोग मौजूद रहे।
विस्थापितों के समर्थन में आंदोलन की घोषणा
अपने संबोधन में चंपई सोरेन ने बोकारो स्टील निर्माण से विस्थापित हुए लोगों के समर्थन में आंदोलन करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खाली पड़ी जमीन पर विस्थापितों को एकजुट कर हल जोतने का काम किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बोकारो स्टील प्रबंधन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि जल्द से जल्द अपने वादों को पूरा कर विस्थापितों को नियोजन दिया जाए।
वहीं पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि वर्षों बीत जाने के बाद भी विस्थापितों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने इसका मुख्य कारण नीतियों में लगातार बदलाव को बताया। उन्होंने कहा कि नीतियों में बदलाव ही देश का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार बन गया है, जिसके कारण विस्थापित आज भी अपने हक के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।