Jharkhand News: झारखंड में भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस 6 अप्रैल को व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारी की गई है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बताया कि आयोजन को लेकर विस्तृत योजना तैयार कर सभी जिलों को दिशा-निर्देश भेज दिए गए हैं.
उन्होंने कहा कि पार्टी अपने सिद्धांतों और कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर मजबूत हुई है और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन की विचारधारा और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा.
कार्यक्रम की शुरुआत 5 अप्रैल से होगी, जब बूथ से लेकर प्रदेश कार्यालय तक साफ-सफाई और सजावट की जाएगी. महिला मोर्चा की ओर से कार्यालयों को फूलों और रंगोली से सजाया जाएगा.
6 और 7 अप्रैल को कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का झंडा फहराएंगे. साथ ही विभिन्न स्थानों पर झंडोत्तोलन कर स्थापना दिवस मनाया जाएगा. इस दौरान पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों पर चर्चा भी होगी. बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर बड़े झंडे लगाए जाएंगे और गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किया जाएगा.
इसके अलावा 8 और 9 अप्रैल को जिला स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इसमें संगठन विस्तार, आगामी चुनाव और सेवा कार्यों को लेकर विचार-विमर्श होगा.
10 से 12 अप्रैल तक गांव-गांव चलो अभियान के तहत जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे. इस दौरान स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी.