Jharkhand Weather Update: झारखंड में गर्मी ने प्रचंड तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मौसम विभाग (IMD) ने आज जमशेदपुर, सरायकेला, बोकारो, धनबाद, देवघर और साहिबगंज समेत कई जिलों में “हीट वेव” (लू) का यलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में दोपहर 12 बजे से 2.30 बजे तक बेहद गर्म हवाएं चलेंगी. डॉक्टरों ने इस दौरान बहुत जरूरी न होने पर धूप में न निकलने और लगातार पानी पीते रहने की सख्त सलाह दी है.
डालटेनगंज सबसे गर्म, शहरों की हवा भी हुई जहरीली
राज्य में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है. पिछले 24 घंटे में डालटेनगंज 38.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं जमशेदपुर का पारा भी 39 डिग्री के करीब दर्ज किया गया. गर्मी के साथ-साथ प्रदूषण भी लोगों की सांसें फुला रहा है. एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) की बात करें तो धनबाद 184 और रांची 166 के खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है.
पलामू और रांची समेत इन जिलों में शाम को राहत के आसार
एक तरफ जहां आधा राज्य गर्मी से तप रहा है, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में शाम के वक्त मौसम करवट ले सकता है. मौसम केंद्र के अनुसार, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, रामगढ़ और बोकारो जैसे जिलों में शाम को हल्के बादल छाने और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है. मौसम के इस दोहरे मिजाज से तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा.
रात के तापमान में भी बढ़ोतरी, गुमला रहा सबसे कूल
दिन की चिलचिलाती धूप के बाद अब झारखंड के लोगों को रातों में भी हल्की उमस और गर्मी का अहसास होने लगा है. राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. हालांकि, पिछले 24 घंटे में गुमला जिला 18.1 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा इलाका रिकॉर्ड किया गया. फिलहाल अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मिलाजुला मौसम बना रहेगा.