Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-01

ED Transfer Posting: रांची जोनल ऑफिस के ज्वाइंट डायरेक्टर अजय लुहाच का रायपुर तबादला, प्रभाकर प्रभात को मिली रांची की कमान

ED Transfer Posting: केंद्रीय प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने प्रशासनिक दक्षता और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभाग में एक बहुत बड़ा फेरबदल किया है. ईडी मुख्यालय द्वारा जारी ताजा और आधिकारिक आदेश के तहत देश भर में तैनात कई अपर निदेशक (ADE) और संयुक्त निदेशक (JDE) स्तर के शीर्ष अधिकारियों का तबादला (ट्रांसफर) कर दिया गया है. इसी फेरबदल की कड़ी में रांची जोनल ऑफिस के चर्चित ज्वाइंट डायरेक्टर अजय लुहाच का भी तबादला कर दिया गया है और उनकी जगह अब तेज-तर्रार अधिकारी प्रभाकर प्रभात को रांची जोनल ऑफिस का नया कमान सौंपते हुए ज्वाइंट डायरेक्टर बनाया गया है.

जानिए किस अधिकारी को कहां से हटाकर कहां भेजा गया
इस बड़े फेरबदल में कई बड़े अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. अपर निदेशक (ADE) अविनीश तिवारी को पणजी जोनल ऑफिस से हटाकर चंडीगढ़ जोनल ऑफिस-I में तैनात किया गया है, जबकि कोच्चि में तैनात राकेश कुमार सुमन अब 7 अप्रैल 2026 से प्रभावी रूप से लखनऊ जोनल ऑफिस की कमान संभालेंगे. इसी तरह मयंक पांडे को गुवाहाटी से मुंबई जोनल ऑफिस-I भेजा गया है. संयुक्त निदेशक (JDE) स्तर पर बड़ा उलटफेर करते हुए रायपुर में तैनात प्रभाकर प्रभात को रांची भेजा गया है और रांची से हटने वाले अजय लुहाच अब रायपुर जोनल ऑफिस की कमान संभालेंगे. इसके अलावा मुख्यालय में तैनात मधुर डी. सिंह को गुरुग्राम जोनल ऑफिस और लखनऊ से राज कुमार को वापस दिल्ली मुख्यालय बुला लिया गया है.

कई वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपा गया अतिरिक्त कार्यभार
प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने के लिए ईडी मुख्यालय ने ट्रांसफर के साथ-साथ कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार की दोहरी जिम्मेदारी भी सौंपी है. अपर निदेशक अभ्युदय ए. आनंद अब चेन्नई जोनल ऑफिस के साथ-साथ कोच्चि जोनल ऑफिस का भी अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे. वहीं, कोलकाता जोनल ऑफिस के संयुक्त निदेशक रमजान डागर को मुख्यालय के प्रशासन और लेखा विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है. सत्यकाम दत्ता गुवाहाटी जोनल ऑफिस-I के साथ-साथ गुवाहाटी जोनल ऑफिस-II का भी प्रभार देखेंगे. गुरुग्राम भेजे गए मधुर डी. सिंह के पास श्रीनगर जोनल ऑफिस का भी अतिरिक्त कार्यभार रहेगा और राज कुमार दिल्ली मुख्यालय में अपनी मूल पोस्टिंग के साथ-साथ हेडक्वार्टर का एडिशनल चार्ज भी संभालेंगे.

रायपुर के साथ पणजी की फाइलें भी देखेंगे अजय लुहाच
रांची जोनल ऑफिस से विदा होने वाले तेज-तर्रार संयुक्त निदेशक अजय लुहाच को मुख्यालय ने बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से नवाजा है. आदेश के मुताबिक, अजय लुहाच अब छत्तीसगढ़ की राजधानी में स्थित रायपुर जोनल ऑफिस के मुख्य कार्यभार को संभालने के साथ-साथ गोवा के पणजी जोनल ऑफिस की संवेदनशील फाइलों और कार्यप्रणाली की भी पूरी जिम्मेदारी अतिरिक्त प्रभार के तौर पर संभालेंगे. इस पूरे हाई-प्रोफाइल फेरबदल के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में देश भर के अलग-अलग राज्यों में मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय घोटालों की जांच में और अधिक तेजी और पारदर्शिता देखने को मिलेगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !