Dhanbad News: धनबाद रेलवे स्टेशन पर RPF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।”ऑपरेशन सतर्क” के तहत टीम ने गंगा दामोदर एक्सप्रेस से भारी मात्रा में बीयर और शराब जब्त की है।
रात की गश्त में RPF की चौकस नजर, स्टेशन पर मिले संदिग्ध लावारिस बैग
दरअसल, रात में गश्त के दौरान RPF की टीम को स्टेशन पर कुछ संदिग्ध गतिविधि दिखी। तभी ट्रेन नंबर 13329 गंगा दामोदर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 3 से छूटने वाली थी। उसी समय कालका साइड में एक लाल ट्रॉली बैग और एक काला बैग लावारिस हालत में पड़ा मिला।
लावारिस बैग से निकली शराब
टीम ने आसपास के यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी बैग पर दावा नहीं किया। शक होने पर जब बैग खोले गए, तो अंदर से 100 से ज्यादा किंगफिशर बीयर के कैन और अंग्रेजी शराब की बोतलें मिलीं।
खास बात ये रही कि सभी बोतलों पर “For Sale in West Bengal” लिखा था। इससे साफ पता चलता है कि ये शराब बंगाल से बिहार में अवैध तरीके से ले जाई जा रही थी।
RPF की सख्ती से तस्करों पर वार, जब्त शराब से अवैध धंधे पर लगी लगाम
RPF ने तुरंत पूरा माल जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई के बाद स्टेशन पर चल रही अवैध गतिविधियों पर लगाम लगी है। RPF का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलते रहेंगे।