Bihar News: पटना से सटे नालंदा जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. शीतला मंदिर परिसर में अचानक भगदड़ मचने से कम से कम आठ लोगों की जान चली गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
भीड़ बढ़ने से बिगड़ी स्थिति
मिली जानकारी के अनुसार चैत्र माह के अंतिम मंगलवार के मौके पर मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. भीड़ ज्यादा होने के कारण वहां व्यवस्था बिगड़ने लगी और हालात नियंत्रण से बाहर हो गए. बताया जा रहा है कि कुछ लोग जल्दी दर्शन करने के लिए कतार तोड़कर आगे बढ़ने लगे, जिससे अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते भगदड़ मच गई.
संतुलन खो एक-दूसरे पर गिरते चले गए लोग
अफरा-तफरी के बीच लोग संतुलन खो बैठे और एक-दूसरे पर गिरने लगे. कई श्रद्धालु भीड़ में दब गए, जिससे स्थिति और भयावह हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया गया.
सीएम ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को 6 लाख रुपये की सहायता देने का निर्देश दिया है. साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने को कहा गया है.
प्रशासन पर उठे लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है. लोगों का आरोप है कि मंदिर परिसर में भीड़ के हिसाब से सुरक्षा और व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी.
घटना के विरोध में लोगों ने हंगामा भी किया और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए.
नालंदा के शीतला मंदिर में हुई यह घटना एक बार फिर बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन की कमी को उजागर करती है. समय रहते उचित इंतजाम नहीं किए जाने के कारण यह हादसा हुआ, जिसकी कीमत लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी.