Jamshedpur News: नेशनल बैंक फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट (नाबार्ड) के चेयरमैन डॉ. शाजी के. वी. ने शनिवार को एक्सएलआरआई नवाचार, प्रौद्योगिकी एवं उद्यमिता परिषद के तहत एक ग्रामीण व्यवसाय इनक्यूबेशन सेंटर (RBIC) का उद्घाटन किया। यह केंद्र XLRI जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट परिसर में स्थापित किया गया है, जिसे NABARD की ग्राम्य विकास योजनाओं के तहत विकसित किया गया है। इस अवसर पर XLRI के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन टी. वी. नरेंद्रन, XLRI के डायरेक्टर फादर सेबेस्टियन जॉर्ज सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के 12 राज्यों में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मिलेगा मजबूती
नव स्थापित यह इनक्यूबेशन सेंटर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के 12 राज्यों बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर, सिक्किम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में कृषि, ग्रामीण नवाचार और सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़े स्टार्टअप्स को बढ़ावा देगा। XCITE सोशल इंपैक्ट फर्स्ट, प्रॉफिट सेकेंड की अवधारणा पर काम करेगा ।
यह केंद्र स्टार्टअप्स को मेंटरशिप, फंडिंग, ग्रांट्स और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगा। इसके साथ ही, यह उद्यमियों को ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने और कृषि आधारित उद्यमिता को सशक्त बनाने में मदद करेगा।
XCITE को पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एक नोडल केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरे झारखंड को स्टार्टअप हब के रूप में पहचान मिलने की उम्मीद है।