Water Drinking Habits: पानी पीना हमारी सेहत के लिए बहुत जरूरी है, लेकिन इसे कैसे पिया जाए ये भी उतना ही जरूरी है। अगर आप खड़े होकर या एक ही बार में बहुत सारा पानी पी लेते हैं, तो इसका असर खासकर किडनी पर पड़ सकता है।
एक ही सांस में पानी पीना, सेहत पर भारी पड़ सकती है
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में थकान और प्यास लगना आम बात है। लेकिन प्यास बुझाने का तरीका गलत हो तो ये शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। अक्सर लोग, खासकर युवा, वर्कआउट या ज्यादा थकान के बाद पूरी बोतल का पानी एक ही बार में पी जाते हैं। कुछ लोग इसे मजेदार चैलेंज भी मानते हैं, लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक ये आदत ठीक नहीं है।
एक साथ ज्यादा पानी पीने से किडनी पर पड़ता है असर
हमारा शरीर पानी को धीरे-धीरे लेने के लिए बना है। किडनी का काम होता है खून को साफ करना और शरीर में जरूरी चीजों का संतुलन बनाए रखना। किडनी में छोटे-छोटे फिल्टर होते हैं, जिन्हें नेफ्रॉन कहते हैं। जब हम एकदम से बहुत ज्यादा पानी पी लेते हैं, तो इन पर ज्यादा दबाव पड़ता है। इससे किडनी को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और लंबे समय में उसकी ताकत कम हो सकती है।
जरूरत से ज्यादा पानी बन सकता है परेशानी का कारण
एक बार में ज्यादा पानी पीने से शरीर में नमक (सोडियम) का संतुलन भी बिगड़ सकता है। इससे चक्कर आना, कमजोरी, उल्टी जैसा महसूस हो सकता है। इस स्थिति को वाटर इंटॉक्सिकेशन कहा जाता है, जो कभी-कभी खतरनाक भी हो सकती है।
यूरीन रोकने से भी किडनी पर असर पड़ता है
सिर्फ पानी पीना ही नहीं, बल्कि समय पर पेशाब करना भी जरूरी है। कई लोग काम के कारण पेशाब रोककर रखते हैं, जो गलत आदत है। इससे शरीर में बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं और इंफेक्शन हो सकता है, जो आगे चलकर किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है।
गर्मियों में सही तरीके से पानी पीना है बेहद जरूरी
गर्मियों में ज्यादा प्यास लगना सामान्य है, लेकिन पानी हमेशा थोड़ा-थोड़ा करके पीना चाहिए। एक ही बार में ज्यादा पानी पीने के बजाय घूंट-घूंट करके पिएं। आराम से बैठकर पानी पीना ज्यादा अच्छा होता है। इससे शरीर पानी को सही तरीके से इस्तेमाल कर पाता है और आप हेल्दी रहते हैं।