Pakur News: पाकुड़ मंडल कारा में शुक्रवार को एक विचाराधीन महिला कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कोलाजोड़ा निवासी संझली हेंब्रम के रूप में हुई है. जेल के बाथरूम में उसका शव मिलने के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि जेल प्रशासन इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मान रहा है, लेकिन उच्चाधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं.
डीसी और एसपी ने किया जेल का निरीक्षण, तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त (DC) मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक (SP) निधि द्विवेदी भारी बल के साथ मंडल कारा पहुंचे. अधिकारियों की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और जेल कर्मियों से कड़ी पूछताछ की. डीसी मनीष कुमार ने बताया कि महिला को तत्काल सोनाजोड़ी सदर अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पति की हत्या के आरोप में 17 फरवरी से जेल में थी बंद
संझली हेंब्रम पर अपने ही पति झंडू हांसदा की हत्या का गंभीर आरोप था. इस संबंध में नगर थाना में 17 फरवरी 2026 को कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया था. गिरफ्तारी के बाद से ही वह विचाराधीन कैदी (UTP) के रूप में जेल में सजा काट रही थी.
आत्महत्या के कारणों का खुलासा होना बाकी
एसपी निधि द्विवेदी ने मीडिया को बताया कि आत्महत्या के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके.