Hazaribagh Violence: हजारीबाग के बरकट्ठा स्थित तुईयो गांव में 24 मार्च को मंगलवारी रामनवमी जुलूस के दौरान भारी उपद्रव हुआ. बिना लाइसेंस के निकाले गए इस जुलूस में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने निर्धारित मार्ग छोड़कर लेवड़ा जमुआ की ओर बढ़ने की कोशिश की. जब अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी ने भीड़ को रोकने और तय रूट पर चलने का निर्देश दिया, तो प्रदर्शनकारियों ने अचानक प्रशासन और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें कई जवान घायल हो गए.
41 नामजद और 240 अज्ञात उपद्रवियों पर शिकंजा
इस हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने गोरहर थाना में मामला दर्ज किया गया है. मामले में कुल 41 नामजद और 240 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने साफ कर दिया है कि धार्मिक आयोजन की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. घटना के बाद से ही इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है.
विशेष टीम की छापेमारी में मुख्य साजिशकर्ता दबोचे गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया. इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के दो मुख्य साजिशकर्ताओं, उतीम महतो और राजेश कुमार (दोनों निवासी तुईयो) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि ये दोनों ही भीड़ को उकसाने और पुलिस पर हमले की योजना बनाने में मुख्य रूप से शामिल थे. दोनों से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की कुंडली खंगाली जा रही है.
वीडियो फुटेज से पहचान और फरार आरोपियों की तलाश
प्रशासन अब घटना के समय के वीडियो और तस्वीरों के आधार पर अन्य दंगाइयों की पहचान कर रहा है. पुलिस की टीमें लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं ताकि फरार चल रहे 200 से अधिक आरोपियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके. जिला प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि आगामी मुख्य रामनवमी जुलूसों में रूट का उल्लंघन या किसी भी तरह की गुंडागर्दी करने वालों पर सीधे सीसीए (CCA) के तहत कार्रवाई की जाएगी.