Chatra Road Accident: चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बगरा चौक पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. तेज रफ्तार 12-चक्का ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान कांसीमहुआ गांव निवासी शांति देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, शांति देवी बस पकड़ने के उद्देश्य से बगरा चौक की ओर पैदल जा रही थीं, तभी सिमरिया की दिशा से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम
घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजन और भारी संख्या में ग्रामीण बगरा चौक पर जमा हो गए. ट्रक की लापरवाही और तेज रफ्तार से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित गति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन इस पर अंकुश लगाने में विफल रहा है. प्रदर्शनकारी मुआवजे की मांग और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
यातायात पूरी तरह ठप, यात्रियों को झेलनी पड़ी भारी परेशानी
सड़क जाम होने के कारण बगरा चौक के चारों दिशाओं में वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं. विशेष रूप से यात्री बसों और निजी वाहनों में सफर कर रहे लोगों को चिलचिलाती धूप में घंटों फंसे रहना पड़ा.