Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-26

Bangladesh Bus Accident: बांग्लादेश में भीषण हादसा, पद्मा नदी में समाई यात्री बस, 23 की मौत, कई अब भी लापता

Bangladesh Bus Accident: बांग्लादेश के राजबारी जिले के दौलदिया टर्मिनल पर एक दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक यात्री बस, जिसमें करीब 40 लोग सवार थे, फेरी पर चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने से सीधे पद्मा नदी में पलट गई। बस में बैठे अधिकतर यात्री ईद की छुट्टियां बिताकर अपने घरों की ओर लौट रहे थे।

टक्कर के बाद चालक ने खोया नियंत्रण
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस जब पोंटून से फेरी पर चढ़ रही थी, उसी दौरान एक छोटी यूटिलिटी फेरी से उसकी टक्कर हो गई। इस टक्कर के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन नदी में जा गिरा। देखते ही देखते बस पानी में समा गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

23 शव बरामद, महिलाओं और बच्चों की भी मौत
हादसे के बाद चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में अब तक 23 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। वहीं कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।

11 यात्रियों ने तैरकर बचाई जान
घटना के दौरान कुछ यात्रियों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। करीब 11 लोग तैरकर नदी किनारे पहुंचने में सफल रहे। उन्हें स्थानीय लोगों और राहत टीमों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

6-7 घंटे की मशक्कत के बाद बस को निकाला गया
घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस, उपजिला प्रशासन, फायर सर्विस, कोस्ट गार्ड और बांग्लादेश नेवी की टीमें मौके पर पहुंच गईं। संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 6 से 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बस को नदी से बाहर निकाला गया।

दमकल विभाग के अधिकारी सोहेल राणा के अनुसार, गोताखोरों और "हमजा" नामक बचाव पोत की सहायता से बस को बाहर निकाला गया। बस के भीतर से 14 शव बरामद हुए, जबकि अन्य शव नदी के पानी से निकाले गए।

खराब मौसम बना बाधा, फिर शुरू हुआ अभियान
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान खराब मौसम ने भी मुश्किलें बढ़ाईं। तेज हवाओं और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण शाम करीब 6 बजे बचाव कार्य को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। हालांकि अगले दिन सुबह 6 बजे से अभियान को फिर से शुरू कर दिया गया, ताकि लापता लोगों की तलाश जारी रखी जा सके।

चश्मदीदों ने सुनाई खौफनाक कहानी
प्रत्यक्षदर्शियों और टर्मिनल सुपरवाइजर मोनिर हुसैन के मुताबिक यह हादसा उनकी आंखों के सामने हुआ, लेकिन वे चाहकर भी कुछ नहीं कर सके। उन्होंने बताया कि बस में सवार कई लोग एक ही परिवार से जुड़े थे। कुछ यात्री जो उस समय बस से बाहर खड़े थे, वे बच गए, लेकिन उनके परिजन बस के साथ ही नदी में डूब गए।

स्वास्थ्य केंद्र में मृतकों की पुष्टि
दौलदिया स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने भी पुष्टि की है कि मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। शवों को पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया के लिए भेजा जा रहा है।

प्रशासन सतर्क, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास
हादसे के बाद इलाके में भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

प्रधानमंत्री ने दिए जांच के आदेश
इस गंभीर हादसे पर प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बचाव कार्य की पूरी जानकारी ली और घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
यह हादसा न केवल कई परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति लेकर आया है, बल्कि नदी परिवहन व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !