Congress HQ: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को दिल्ली स्थित अपने 24 अकबर रोड मुख्यालय को खाली करने का नोटिस मिला है ऐसा मीडिया रिपोर्ट मे बताया जा रहा है. एस्टेट विभाग ने पार्टी को 28 मार्च तक दफ्तर खाली करने का निर्देश दिया है. इसी के साथ 5 रायसीना रोड स्थित भारतीय युवा कांग्रेस के दफ्तर को भी खाली करने को कहा गया है.
48 साल पुराना मुख्यालय, अब खाली करने का निर्देश
दिल्ली का 24 अकबर रोड स्थित बंगला पिछले करीब 48 वर्षो से कांग्रेस का मुख्यालय रहा है. पार्टी की कई अहम गतिविधियां यहीं से संचालित होती रही है.
नोटिस जारी होने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह दफ्तर पार्टी की विरासत और राजनीतिक पहचान का प्रतीक है.
"इंदिरा भवन" से चलेगा अब पूरा कामकाज
कांग्रेस ने पिछले साल ही कोटला मार्ग पर अपना नया मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ शुरू किया था. जनवरी 2025 में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसका उद्घाटन किया था.
इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और के.सी. वेणुगोपाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. हालांकि नया भवन बनने के बाद भी कई गतिविधियां 24 अकबर रोड से चल रही थीं, जिन्हें अब पूरी तरह शिफ्ट किया जाएगा.
कांग्रेस ने फैसले को बताया राजनीतिक
कांग्रेस का कहना है कि वह इस बंगले के लिए बाजार दर पर किराया दे रही है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने इस कदम की आलोचना करते हुए इसे अवैध और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है.
उन्होंने कहा कि पार्टी इस फैसले के खिलाफ सभी कानूनी विकल्पों पर विचार करेगी.
इतिहास और राजनीतिक महत्व
24 अकबर रोड और 10 जनपथ लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति के प्रमुख केंद्र रहे हैं. आजादी से पहले पार्टी का मुख्यालय इलाहाबाद के आनंद भवन में था, जिसे बाद में दिल्ली शिफ्ट किया गया. 1969 में पार्टी विभाजन के बाद अस्थायी कार्यालय विंडसर प्लेस में बनाया गया. इसके बाद 1971 में 5 राजेंद्र प्रसाद रोड और 1978 से 24 अकबर रोड स्थायी मुख्यालय बन गया.