Seraikela Accident News: सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला. कोलाबीरा बाजार के समीप हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में 57 वर्षीय बाइक सवार रमेन कुमार दास की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक जमशेदपुर के बिरसानगर इलाके के निवासी थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब दो भारी ट्रक एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में तेज गति से दौड़ रहे थे. इसी ओवरटेकिंग के दौरान बाइक सवार रमेन कुमार दास दोनों वाहनों के बीच फंस गए और संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर पड़े, जिससे वे ट्रकों के पहियों की चपेट में आ गए.
जनता का फूटा गुस्सा, मुख्य मार्ग पर लगाया जाम
इस दर्दनाक हादसे के बाद कोलाबीरा बाजार क्षेत्र के स्थानीय निवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. लोगों ने भारी नाराजगी जताते हुए मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. जिला परिषद सदस्य शंभू मंडल ने मौके पर पहुंचकर प्रशासन की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण कोलाबीरा बाजार अब "डेंजर जोन" में तब्दील हो चुका है, जहां आए दिन मासूमों की जान जा रही है.
पुलिस ने वाहनों को किया जब्त, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रकों और क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोग सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और उचित मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर डटे रहे.
कोलाबीरा बाजार में सुरक्षा की मांग
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित गति पर लगाम लगाने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है. बाजार क्षेत्र होने के बावजूद ट्रक चालक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए रेसिंग करते हैं. लोगों ने मांग की है कि इस क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं और यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके. देर शाम तक पुलिस और स्थानीय प्रतिनिधियों के बीच वार्ता का दौर जारी रहा.