Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में पीसी-पीएनडीटी अधिनियम से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे. इस दौरान अल्ट्रासाउंड केंद्रों के पंजीकरण, नवीनीकरण, स्थान परिवर्तन और नई मशीनों की स्थापना से जुड़े कई प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई.
कई केंद्रों को नवीनीकरण और नई मशीन लगाने की अनुमति
बैठक में समिति ने विभिन्न प्रस्तावों पर विचार करते हुए छह अल्ट्रासाउंड केंद्रों के पंजीकरण का नवीनीकरण करने की मंजूरी दी. इसके अलावा तीन केंद्रों में नए चिकित्सकों को संबद्ध करने की अनुमति प्रदान की गई.
एक केंद्र को स्थान परिवर्तन की स्वीकृति दी गई, जबकि एक केंद्र के अनुरोध पर उसका पंजीकरण रद्द कर दिया गया. इसके साथ ही चार केंद्रों को नई मशीन लगाने की अनुमति मिली और एक केंद्र को मशीन स्थानांतरण की मंजूरी दी गई.
इसके अलावा दो नए केंद्रों को पंजीकरण प्रदान किया गया. एक मामले में न्यायालय के आदेश के अनुसार बंद पड़े केंद्र को फिर से खोलने की अनुमति भी समिति द्वारा दे दी गई.
अनियमितता मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी मामलों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीसी-पीएनडीटी अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी संस्थान में नियमों के उल्लंघन या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
उपायुक्त ने लंबित मामलों के जल्द निपटारे पर भी जोर दिया और कहा कि सभी प्रस्तावों को तय प्रक्रिया के अनुसार ही स्वीकृति दी जाए. साथ ही संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने, सभी रिकॉर्ड अपडेट रखने और पीसी-पीएनडीटी कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए.