Chatra News: जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के कासियातू करमटांड जंगल में 23 फरवरी को हुए एयर एंबुलेंस हादसे से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सुराग सामने आया है. हादसे के करीब 21 दिन बाद रविवार को ग्रामीणों को जंगल में विमान का इंजन मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है.
महुआ चुनने गए ग्रामीणों ने देखा मलबा
रविवार को गांव के कुछ लोग जंगल में महुआ चुनने गए थे. इसी दौरान उनकी नजर विमान के इंजन और कुछ अन्य टूटे हुए हिस्सों पर पड़ी. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना सिमरिया थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इंजन को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया.
दुर्घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मिला इंजन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान का इंजन मुख्य दुर्घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल के अंदर पाया गया है. हादसे के बाद से ही विमान के अन्य हिस्सों की तलाश की जा रही थी और अब इंजन मिलने से जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.
23 फरवरी को हुआ था भीषण हादसा
गौरतलब है कि 23 फरवरी को इसी इलाके में एक एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें पायलट, मरीज, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और मरीज के परिजन शामिल थे.
रांची से दिल्ली जा रहा था एयर एंबुलेंस
मिली जानकारी के अनुसार यह एयर एंबुलेंस रांची से मरीज को लेकर इलाज के लिए दिल्ली जा रही थी. उड़ान के दौरान ही सिमरिया क्षेत्र के जंगल में विमान क्रैश हो गया, जिससे कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बच सका.
डीजीसीए की टीम कर चुकी है जांच
हादसे के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की विशेष जांच टीम ने घटनास्थल का दौरा किया था. टीम ने मलबे के कई हिस्सों को एकत्रित कर जांच के लिए कोलकाता भेजा था.
पुलिस ने इंजन सुरक्षित रखा
सिमरिया थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि जंगल से बरामद विमान के इंजन को पुलिस ने सुरक्षित कब्जे में रख लिया है. जांच एजेंसियों के आने का इंतजार किया जा रहा है. अधिकारियों का मानना है कि इंजन की जांच से हादसे के कारणों का पता लगाने में अहम मदद मिल सकती है.