Jamshedpur Big News: जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पोटका मोड़ के पास शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ. अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो किशोरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान केड़ो गांव निवासी दुर्गा हेम्ब्रम (15 वर्ष) और मार्शल सोरेन (14 वर्ष) के रूप में हुई है.
खराब हेडलाइट बनी हादसे की वजह
परिजनों के अनुसार, दुर्गा और मार्शल शनिवार को स्कूल में परीक्षा देने के बाद कपड़े खरीदने कालियाबेड़ा बाजार गए थे. रात करीब 7:30 बजे लौटते समय सामने से आ रहे ट्रक की एक हेडलाइट बंद थी. हेडलाइट खराब होने के कारण अंधेरे में किशोर ट्रक की सही दिशा और दूरी का अंदाजा नहीं लगा पाए और सीधे उसकी चपेट में आ गए.
चालक को बंधक बना रात भर किया प्रदर्शन
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक को खदेड़कर पकड़ लिया और उसे रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया. न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रात 3 बजे से ही दोनों किशोरों के शवों को बीच सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान ट्रक में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी रही.
पुलिस के आश्वासन पर हटा जाम, पर यातायात ठप
रविवार सुबह सुंदरनगर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को उचित मुआवजे और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. इस वार्ता के बाद ग्रामीणों ने सड़क से शव हटा लिए, जिसके बाद पुलिस ने चालक को अपनी कस्टडी में लिया.
5 किलोमीटर लंबा महाजाम
हालांकि प्रदर्शन अब खत्म हो चुका है, लेकिन रात भर सड़क जाम रहने के कारण पोटका-जमशेदपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं. सड़क खुलने के बावजूद वर्तमान में लगभग 5 किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है. पुलिस यातायात सामान्य करने की कोशिश कर रही है, लेकिन भारी वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण जाम खुलने में समय लग रहा है.