Bokaro News: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल क्षेत्र में दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) द्वारा लगभग 134 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की लोड टेस्टिंग शुक्रवार की रात करीब 10 बजे शुरू की गई. इस परीक्षण के दौरान ब्रिज की मजबूती और क्षमता की जांच की जा रही है.
लोड टेस्टिंग के दौरान राइट्स कंपनी के डीजीएम संतोष जायसवाल, रेलवे के इंजीनियर राणा प्रताप सिंह, बीकेबी डेको सुप्रीम के गौरव कुमार, राजेश कुमार, सुनील सिंह और डीवीसी के मैनेजर (मैकेनिकल) विकास सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
जांच प्रक्रिया के तहत चार हाईवा वाहनों में मेटल चिप्स और बटखरा लोड कर कुल करीब 160 मीट्रिक टन वजन रेलवे लाइन के बीच स्थित ब्रिज पर रखा गया है. इन वाहनों को विशेष मार्किंग के अंदर खड़ा किया गया है और इन्हें करीब 24 घंटे तक वहीं रखा जाएगा, ताकि पुल की मजबूती का आकलन किया जा सके.
उद्घाटन से पहले ही स्थगित हुआ था कार्यक्रम
इस आरओबी का उद्घाटन 28 फरवरी को राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद द्वारा किया जाना प्रस्तावित था. कार्यक्रम में गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, बेरमो विधायक कुमार जयमंगल, डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो, मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो के अलावा डीवीसी के चेयरमैन एस. सुरेश कुमार और एमटी एस.के. पांडा सहित कई अधिकारी शामिल होने वाले थे.
सांसद की शिकायत पर रुका उद्घाटन
उद्घाटन से एक दिन पहले गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री और ऊर्जा सचिव से मुलाकात कर पुल के निर्माण में संभावित गड़बड़ी और उद्घाटन से पहले क्वालिटी टेस्ट तथा लोड टेस्टिंग नहीं किए जाने की शिकायत की थी. उन्होंने जांच पूरी होने तक उद्घाटन कार्यक्रम को स्थगित करने की मांग की थी.
सांसद की शिकायत के बाद केंद्रीय ऊर्जा सचिव पंकज अग्रवाल ने तत्काल प्रभाव से आरओबी के उद्घाटन को रोकने का निर्देश दिया. इसके बाद पुल से जुड़े शेष कार्य पूरे किए गए और अब उसकी लोड टेस्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.