Adityapur News: जियाडा सभागार में कमर्शियल एलपीजी गैस की कमी को लेकर औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों और आईओसी के सेल्स अधिकारी सन्नी कुमार के साथ एक बैठक आयोजित की गई. बैठक में औद्योगिक इकाइयों में गैस आपूर्ति प्रभावित होने से उत्पन्न समस्याओं पर चर्चा की गई.
आदित्यपुर औद्योगिक संगठन एशिया के अध्यक्ष इंद्र अग्रवाल ने बताया कि कमर्शियल गैस की आपूर्ति बाधित होने के कारण औद्योगिक क्षेत्र की कई इकाइयों का संचालन प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो कई कंपनियां बंद होने की स्थिति में पहुंच सकती हैं, जिससे बड़ी संख्या में कामगारों पर असर पड़ सकता है.
उन्होंने यह भी कहा कि मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष का प्रभाव अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति पर दिखाई देने लगा है और इसका असर देश के छोटे और मध्यम उद्योगों पर भी पड़ रहा है. उनके अनुसार औद्योगिक क्षेत्र में एलपीजी की आवश्यकता सीमित मात्रा में होती है, लेकिन कई इकाइयां उत्पादन प्रक्रिया के लिए इस पर निर्भर हैं.
बैठक में बताया गया कि वर्तमान स्थिति बनी रहने पर बड़ी संख्या में श्रमिकों के रोजगार पर असर पड़ सकता है. औद्योगिक प्रतिनिधियों ने इस मुद्दे पर सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग भी उठाई.
आईओसी के सेल्स अधिकारी सन्नी कुमार ने बताया कि मौजूदा संकट के दौरान गैस आपूर्ति में अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों के संबंध में अभी सरकार की ओर से कोई विशेष दिशा-निर्देश नहीं मिला है, हालांकि स्थिति में सुधार के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.
बैठक में मौजूद औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार से इस मामले में जल्द निर्णय लेने की अपील की, ताकि उद्योगों के संचालन पर पड़ रहे प्रभाव को कम किया जा सके और श्रमिकों के रोजगार को सुरक्षित रखा जा सके.