Gumla Accident News: गुमला जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार को सदर थाना क्षेत्र के खटवा नदी के समीप एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी. तेज रफ्तार अज्ञात बड़े वाहन ने स्कूटी सवार महिला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
पुलिस ने वाहन को किया जब्त
हादसे की जानकारी मिलते ही गुमला सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टक्कर मारने वाले वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच में जुट गई है.
जागरूकता अभियानों के बाद भी हादसे बरकरार
जिला प्रशासन की ओर से लगातार सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इनका असर कम ही दिख रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि गुमला शहर से होकर गुजरने वाले बड़े वाहनों की गति पर कोई नियंत्रण नहीं है. बेकाबू रफ्तार की वजह से आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं.
तेज रफ्तार पर लगाम की मांग
इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी रोष है. लोगों का कहना है कि घनी आबादी वाले और मुख्य मार्गों पर बड़े वाहनों की गति सीमा तय की जानी चाहिए. प्रशासन को चाहिए कि वह ऐसे वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए और जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.