Jamshedpur: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बिष्टुपुर पोस्ट ऑफिस के पास एक ठेले पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ मिला। सुबह आसपास के लोगों की नजर जब उस पर पड़ी तो इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।
मृतक की अब तक नहीं हो सकी पहचान
पुलिस के अनुसार, अभी तक मृत व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि आसपास के लोगों का कहना है कि मृतक अक्सर इलाके में कचरा बीनने का काम करता था और ज्यादातर समय उसी ठेले पर सोता हुआ दिखाई देता था। माना जा रहा है कि वह गुरुवार की रात भी उसी ठेले पर सोया था और उसी दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
पहले इसी ठेले पर लगती थी लिट्टी की दुकान
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस ठेले पर शव मिला है, उस पर पहले एक दुकानदार लिट्टी-चोखा की दुकान लगाता था। लेकिन करीब एक साल पहले वह दुकान बंद हो गई थी। तब से ठेला खाली पड़ा रहता था और कचरा बीनने वाला यह व्यक्ति अक्सर उसी पर सो जाया करता था।
ओडिशा का रहने वाला बताया जा रहा मृतक
आसपास के लोगों का कहना है कि बातचीत के आधार पर उन्हें लगता था कि यह व्यक्ति ओडिशा का रहने वाला हो सकता है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने और उसके परिवार तक सूचना पहुंचाने का प्रयास कर रही है।