Ranchi Big News: रांची के तुपुदाना स्थित रावण दहन मैदान में शाम करीब साढ़े पांच बजे गेल इंडिया कंपनी की गैस पाइपों में अचानक आग लग गई. यह आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया और करोड़ों रुपये मूल्य की पाइपें जलकर राख हो गई.
आसमान में दिखा धुएं का गुबार
आग लगने के बाद उठती ऊंची लपटों और काले धुएं से पूरा आसमान ढक गया. धुएं की वजह से दिन में ही अंधेरा जैसा महसूस होने लगा और यह काला धुआं दूर-दूर तक फैल गया. घटना के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोग जान बचाने के लिए रिंग रोड की ओर भागने लगे.
एक घंटे तक धधकती रही आग
सूचना मिलते ही तुपुदाना पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को खबर दी. चूंकि पाइप प्लास्टिक के थे, इसलिए आग तेजी से फैली और करीब एक घंटे तक धधकती रही. फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि पास ही स्थित पथ निर्माण विभाग के एक बड़े साइनबोर्ड वाला गेट भी इसकी चपेट में आ गया.
गैस कनेक्शन योजना को लगा बड़ा झटका
गेल इंडिया कंपनी हर घर तक गैस पाइपलाइन पहुंचाने की योजना पर काम कर रही थी. इसके लिए कुछ दिन पहले ही रावण दहन मैदान में बड़ी संख्या में पाइप लाकर रखे गए थे. रोजाना यहीं से पाइप ले जाकर बिछाने का काम किया जा रहा था. इस हादसे के बाद पाइपलाइन बिछाने के काम को भारी नुकसान पहुंचा है और काम की रफ्तार थम गई है.
पुलिस कर रही है मामले की जांच
तुपुदाना पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है.