इन 6 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में नमी आ रही है। इसके प्रभाव से आज भी 6 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। ये जिले हैं, देवघर, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़ गोड्डा, जामताड़ा इन इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है।
रांची में गर्मी बरकरार, पर शाम को राहत
राजधानी रांची की बात करें तो यहाँ दोपहर में कड़ी धूप के कारण तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। हालांकि, शाम को आंशिक रूप से बादल छाने से गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन फिलहाल बारिश दर्ज नहीं की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले 24 घंटों में यहाँ भी मौसम करवट ले सकता है।
16 मार्च तक जारी रहेगा असर
पूर्व में अनुमान लगाया गया था कि 11 मार्च के बाद मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन नए सिस्टम के सक्रिय होने से अब 16 मार्च तक राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। इस मौसमी बदलाव से चिलचिलाती गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन वज्रपात और तेज हवाओं से जान-माल के नुकसान का खतरा भी बना हुआ है।
लोगो को सावधान रहने की अपील
बारिश और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास न खड़े हों। किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने की सलाह दी गई है।