Jharkhand: गुरुग्राम में हाल ही में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। मृतक मजदूरों के परिवारों को फिलहाल 20-20 लाख रुपये का चेक दिया गया है। यह राशि ठेकेदार के माध्यम से परिजनों तक पहुंचाई गई है। साथ ही प्रशासन की ओर से यह भरोसा दिलाया गया है कि सरकारी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शेष 19 लाख रुपये की राशि भी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।
एंबुलेंस से झारखंड रवाना किए गए पार्थिव शरीर
घटना में जान गंवाने वाले मजदूरों के पार्थिव शरीर को गुरुग्राम से झारखंड के लिए रवाना कर दिया गया है। तीन एंबुलेंस के माध्यम से शवों को भेजा गया। इनके साथ दो एस्कॉर्ट वाहन और एक अन्य सरकारी वाहन भी लगाया गया, ताकि परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सांसद विद्युत वरण महतो ने जताया आभार
इस पूरे मामले में सहयोग के लिए जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवारों की मदद के लिए त्वरित कदम उठाए हैं।
केंद्रीय मंत्री संजय सेठ को भी दिया धन्यवाद
सांसद ने इस मामले में सहयोग करने के लिए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार की पहल से हादसे में प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।