Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-12

Jamshedpur News: टाटा स्टील टाउन एडवाइजरी कमेटी की बैठक में लिए गए कई अहम फैसले, जानें क्या-क्या बदलेगा

Jamshedpur: टाटा स्टील के टाउन प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बुधवार को टाउन एडवाइजरी कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) के बोर्ड रूम में सुबह करीब 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक चली। बैठक के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

कदमा में सब्जी बिक्री से लगने वाले जाम पर सख्ती
बैठक में कदमा क्षेत्र के कंपनी क्वार्टरों के आसपास लगने वाले सब्जी बाजार और उससे उत्पन्न होने वाली ट्रैफिक समस्या का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सुरक्षा विभाग के प्रमुख अरविंद सिन्हा ने बताया कि कुछ लोग कंपनी क्वार्टरों में सामान रखने की अनुमति देकर ऐसे कारोबार को बढ़ावा दे रहे हैं। इस पर टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि ऐसे मामलों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाए।

बिष्टुपुर में अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की तैयारी
बैठक में बिष्टुपुर क्षेत्र में बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों और पार्किंग व्यवस्था की कमी पर भी चर्चा हुई। कई इमारतों में बेसमेंट होने के बावजूद पार्किंग का उपयोग नहीं किया जा रहा है, जिससे सड़क किनारे वाहनों की भीड़ बढ़ रही है। इस समस्या के समाधान के लिए पहले संबंधित लोगों को नोटिस देने और उसके बाद भी सुधार नहीं होने पर प्रशासन के सहयोग से कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

कंपनी फ्लैटों के जर्जर छज्जों की होगी मरम्मत
कंपनी के आवासीय फ्लैटों में जर्जर हो चुके छज्जों की स्थिति पर भी बैठक में जानकारी साझा की गई। तय किया गया कि सभी पुराने छज्जों की मरम्मत कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाएगा। साथ ही सीमेंट के पुराने ढांचों की जगह टाटा ब्लूस्कोप की शीट लगाकर उन्हें अधिक मजबूत और आधुनिक बनाया जाएगा।

ओपन जिम सुविधाओं का होगा विस्तार
बिष्टुपुर जी टाउन मैदान स्थित ओपन जिम में आने वाले लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी। साथ ही यहां एक अतिरिक्त साइकिल मशीन लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा बारीडीह ओपन जिम में चार नई मशीनें जोड़ने की योजना बनाई गई। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब सभी ओपन जिम रविवार को भी खुले रहेंगे।

सिदगोड़ा के जर्जर क्वार्टरों का होगा पुनर्विकास
सिदगोड़ा क्षेत्र के एल-4 टाइप क्वार्टरों की खराब स्थिति को देखते हुए उनके पुनर्विकास की योजना बनाई गई है। इन पुराने क्वार्टरों को संशोधित कर डबल क्वार्टर के रूप में विकसित किया जाएगा और बाद में टाटा स्टील कर्मचारियों को आवंटित किया जाएगा।

बर्मामाइंस में बनेगी नई ट्रक पार्किंग
बर्मामाइंस इलाके में भारी वाहनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए ट्रक और ट्रेलर के लिए अलग पार्किंग सुविधा विकसित करने का निर्णय लिया गया है। वहीं कदमा मेन रोड, विशेषकर गणेश पूजा मैदान के सामने, जल्द ही ‘नो पार्किंग’ के साइन बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर हो सके।

पीएनजी कनेक्शन की प्रक्रिया होगी तेज
बैठक में कंपनी क्वार्टरों में पीएनजी गैस कनेक्शन की प्रक्रिया को तेज करने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए तय किया गया कि गेल कंपनी का एक प्रतिनिधि प्रतिदिन एस्टेट विभाग में मौजूद रहेगा, जिससे कर्मचारियों को कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं का तुरंत समाधान मिल सके।

प्रणय सिन्हा को दी गई विदाई
बैठक के दौरान टाटा स्टील के चीफ कॉरपोरेट सर्विसेज प्रणय सिन्हा को सम्मानपूर्वक विदाई भी दी गई। वह 31 मार्च को सेवानिवृत्त होने वाले हैं और यह बैठक उनके कार्यकाल की अंतिम बैठक थी। उपस्थित सदस्यों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस बैठक की अध्यक्षता टाउन एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन एवं टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम ने की। बैठक में वाइस चेयरमैन और टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह समेत टाटा स्टील और यूआईएसएल के कई वरिष्ठ अधिकारी तथा यूनियन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !