Ranchi News: राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में गोवंशीय पशु हत्या से जुड़े मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान तौफीक कुरैशी उर्फ पप्पू कुरैशी (53 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आजाद बस्ती, गुरदरी चौक का निवासी बताया जा रहा है.
घटना के बाद से फरार था आरोपी
पुलिस के मुताबिक घटना सामने आने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था. वह लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस की गिरफ्त से बचने की कोशिश कर रहा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी.
इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी इलाके में ही छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाकर उससे पूछताछ की गई.
कोर्ट में पेशी के बाद भेजा गया जेल
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया. जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया. इसके बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया.
पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच अभी जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे. साथ ही पूरे मामले के अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा रही है.