Seraikela News: सरायकेला उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई. बैठक में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए यातायात सुरक्षा को मजबूत बनाने और सड़क अधोसंरचना में सुधार के उपायों पर चर्चा की गई.
बैठक के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो ने दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत किए. उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 में जिले में 20 सड़क हादसे दर्ज किए गए, जिनमें 15 लोगों की जान गई. वहीं फरवरी 2026 में 15 दुर्घटनाओं में 11 लोगों की मौत हुई.
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले पूरा कर लिया जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और सड़कें सुरक्षित बनी रहें. उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने और पुलिस गश्ती दल की निगरानी बढ़ाने को भी कहा.
इसके अलावा एनएच-32 और एनएच-33 समेत प्रमुख सड़कों पर यातायात सुरक्षा बढ़ाने के लिए रिफ्लेक्टर, बड़े संकेतक बोर्ड, हाई मास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए. साथ ही महत्वपूर्ण मार्गों पर रंबल स्ट्रिप, चेतावनी बोर्ड, थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग जैसे आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.