Gumla: गुमला जिले के भरनो प्रखंड अंतर्गत करंज थाना क्षेत्र के सरगांव पंचायत स्थित पतराटोली गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। जंगली हाथी के उत्पात में चार महीने की एक मासूम बच्ची की जान चली गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक के साथ-साथ भय का माहौल बन गया है।
दीवार गिरने से मलबे में दब गई बच्ची
जानकारी के अनुसार पतराटोली निवासी चंदन उरांव के घर पर देर रात एक हाथी आ पहुंचा। हाथी ने घर के पास आकर जोरदार धक्का दिया, जिससे कच्ची दीवार अचानक ढह गई। उस समय घर के अंदर चंदन उरांव की पत्नी सुषमा उरांव अपने दो छोटे बच्चों के साथ सो रही थी।
दीवार गिरने की आवाज सुनते ही सुषमा उरांव घबरा गईं और किसी तरह अपने पांच वर्षीय बेटे को लेकर बाहर निकल गईं। लेकिन अफरातफरी में उनकी चार महीने की दुधमुंही बेटी अमिता कुमारी घर के अंदर ही रह गई। दीवार गिरने से वह मलबे में दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मां भी घायल, बेटी को खोने से सदमे में परिवार
इस घटना में सुषमा उरांव को भी चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने उन्हें संभाला और प्राथमिक उपचार कराया। अपनी मासूम बेटी को खोने के बाद मां गहरे सदमे में है और बार-बार बेहोश हो जा रही थी। गांव की महिलाएं और आसपास के लोग उन्हें सांत्वना देने में लगे रहे।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और वन विभाग
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने करंज थाना पुलिस और बसिया वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव में हाथी के डर से पूरी रात जागते रहे लोग
जंगली हाथी के गांव में घुस आने के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। किसी और हादसे की आशंका को देखते हुए गांव के लोग पूरी रात जागकर पहरा देते रहे।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को इलाके से दूर भगाने की मांग की है। साथ ही प्रशासन से भी पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और हर संभव सहायता देने की अपील की है।