Jamshedpur News: जमशेदपुर की सामाजिक कार्यकर्ता उषा सिंह को इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स एंड क्राइम कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (IHRACO) का ऑल इंडिया उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. इस उपलब्धि से उनके समर्थकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है.
इस अवसर पर उषा सिंह ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें यह जिम्मेदारी मिलने पर बहुत खुशी हो रही है. उन्होंने कहा कि इस पद की गरिमा को बनाए रखते हुए वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का पालन करेंगी.
पिछले 21 वर्षों से महिला सुरक्षा और मानवाधिकार के क्षेत्र में सक्रिय
उषा सिंह ने बताया कि वह पिछले 21 वर्षों से महिला सुरक्षा और मानवाधिकार के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं. उन्होंने कहा कि आगे भी वह अपनी टीम को और मजबूत बनाकर महिलाओं, बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार काम करती रहेंगी. साथ ही महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा के लिए आवाज उठाती रहेंगी.
क्या है IHRACO?
गौरतलब है कि आईएचआरएसीओ (IHRACO) एक ऐसा संगठन है जो मानवाधिकारों की सुरक्षा और लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए कार्य करता है. यह संस्था लोगों को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर न्याय दिलाने में भी मदद करती है. संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज में शांति, समानता और न्याय को बढ़ावा देना तथा हर व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा करना है.