Ranchi News: रांची में ध्वनि प्रदूषण की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है. उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर रविवार देर रात सिमलिया इलाके में कई बैंक्वेट हॉल का औचक निरीक्षण किया गया. सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) कुमार रजत के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया.
डीजे और लाउडस्पीकर पर पाबंदी
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने सिमलिया क्षेत्र के पांच प्रमुख बैंक्वेट हॉल की जांच की. संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए रात 10 बजे के बाद किसी भी स्थिति में डीजे या तेज आवाज में संगीत न बजाया जाए. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर हॉल को सील भी किया जा सकता है.
आम लोगों को राहत देने की कोशिश
यह कार्रवाई उन स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है जो देर रात तक बजने वाले शोर-शराबे से परेशान थे. टीम ने प्रदूषण मापने वाले यंत्रों के जरिए ध्वनि के स्तर की भी जांच की. प्रशासन ने सभी संचालकों को निर्देश दिया है कि वे अपने परिसर में साउंड लिमिटर का उपयोग करें ताकि ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित रखा जा सके.