Jharkhand News: आगामी 12 मार्च को होने वाले झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज है. जमशेदपुर सिविल कोर्ट के अधिवक्ता प्रकाश झा सीरियल नंबर 58 के साथ 100 उम्मीदवारों के बीच अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. वे वर्ष 2012 से 2017 तक काउंसिल के सदस्य और कोल्हान प्रक्षेत्र के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
युवा अधिवक्ताओं के लिए स्थायी व्यवस्था और स्टाइपेंड
प्रकाश झा ने घोषणा की है कि यदि उन्हें अधिवक्ताओं का समर्थन मिलता है, तो वे विशेष रूप से युवा अधिवक्ताओं की समस्याओं को दूर करेंगे. वर्तमान में कोर्ट परिसर में युवाओं के बैठने के लिए समुचित स्थान नहीं है, जिसके लिए वे स्थायी बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे. इसके साथ ही, उनके आर्थिक संबल के लिए स्टाइपेंड योजना लागू कराने की दिशा में भी ठोस पहल करेंगे.
लाइब्रेरी का सुदृढ़ीकरण और कानूनी संसाधन
युवा वकीलों को कानून संबंधी पुस्तकों की उपलब्धता में होने वाली परेशानी को देखते हुए प्रकाश झा ने लाइब्रेरी व्यवस्था को मजबूत और अधिक व्यवस्थित करने का भरोसा दिलाया है. उनका लक्ष्य है कि हर अधिवक्ता को शोध और अध्ययन के लिए आधुनिक संसाधन आसानी से प्राप्त हों.
वरिष्ठों को समय पर पेंशन और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट
युवाओं के साथ-साथ उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ताओं के हितों का भी ध्यान रखा है और वादा किया है कि उन्हें समय पर पेंशन की सुविधा मिले, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे. साथ ही, पूरे अधिवक्ता समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को लागू कराने हेतु निर्णायक संघर्ष किया जाएगा.