Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-02

Saraikela Fire Incident: कपाली में झाड़ियों में लगी आग से मची अफरा-तफरी, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

Saraikela: कपाली ओपी क्षेत्र स्थित भाभी होटल के समीप सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक झाड़ियों से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते सूखी घास और झाड़ियों ने आग पकड़ ली और लपटें तेजी से फैलने लगीं। घटना से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कपाली ओपी के पास हिदायतुल्लाह खान की चारदीवारी से घिरी जमीन के अंदर मौजूद सूखी झाड़ियों में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाए जाने की आशंका है। शुरुआत में आग सीमित दायरे में थी, लेकिन सूखे मौसम और घनी झाड़ियों के कारण कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। पूरा इलाका धुएं से भर गया और झाड़ियां धू-धू कर जलने लगीं।

स्थानीय लोगों की सूचना पर सक्रिय हुआ प्रशासन
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत कपाली ओपी पुलिस को सूचित किया। ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बिना देर किए अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग की लपटें तेजी से फैल रही थीं और पास के घरों व दुकानों तक पहुंचने का खतरा उत्पन्न हो गया था। समय पर कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

जांच में जुटी पुलिस
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने या बड़ी संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि पुलिस को संदेह है कि आग जानबूझकर लगाई गई हो सकती है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खुले स्थानों, सूखी झाड़ियों या कचरे में आग न लगाएं, क्योंकि इससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !