बागबेड़ा स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय परिसर में आयोजित ऑपरेशन सत्र का उद्घाटन रेड क्रॉस सोसाइटी, झारखंड राज्य शाखा के चेयरमैन एवं पूर्वी सिंहभूम जिला शाखा के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, वरीय रेड क्रॉस सदस्य चन्द्रमोहन सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
नेत्र चिकित्सकों की टीम में डॉ. बी.पी. सिंह, डॉ. जे.एस. बेदी, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. मलय द्विवेदी एवं डॉ. विवेक केडिया सहित सहयोगी चिकित्साकर्मियों ने पूरी सावधानी एवं विशेषज्ञता के साथ सभी मरीजों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण संपन्न कराया।
मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 30 वर्षों से मार्च माह के प्रथम सप्ताह में इस नेत्र शिविर का आयोजन शहर में भगवान की तरह पूजे जाने वाले कर्मयोगी जमशेदजी टाटा की जयंती के अवसर पर किया जाता रहा है। इस पहल से उन जरूरतमंद लोगों को नई दृष्टि मिलती है, जो मोतियाबिंद जैसी सामान्य बीमारी के ऑपरेशन का खर्च वहन करने में असमर्थ होते हैं।
उन्होंने बताया कि शिविर में मरीजों को पंजीकरण से लेकर जांच, दवा, ऑपरेशन, पोस्ट-ऑपरेटिव केयर, आवास एवं भोजन तक की संपूर्ण व्यवस्था निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। पिछले 15 वर्षों से टाटा स्टील समूह की कंपनी जेमीपोल द्वारा जेएन टाटा की स्मृति में इस नेत्र शिविर का आयोजन सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत श्रद्धांजलि स्वरूप किया जा रहा है।