Iran-Israel War: इजरायल-ईरान युद्ध की आग अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) तक फैल गई है. ईरान ने एक घायल शेर की तरह पलटवार करते हुए UAE पर मिसाइलों और ड्रोनों की बरसात कर दी है. रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 28 फरवरी से अब तक ईरान ने कुल 708 हथियारों से हमला किया है, जिसमें 165 बैलिस्टिक मिसाइलें, 541 ड्रोन और दो क्रूज मिसाइलें शामिल हैं. इस भीषण हमले में तीन लोगों की जान चली गई है, जबकि भारत समेत कई देशों के 58 नागरिक घायल हुए हैं.
मुस्तैद एयर डिफेंस ने टाला बड़ा खतरा
UAE के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि देश की उन्नत वायु रक्षा प्रणाली ने मुस्तैदी दिखाते हुए ईरान के अधिकांश मंसूबों को नाकाम कर दिया. 165 बैलिस्टिक मिसाइलों में से 152 को हवा में ही ध्वस्त कर दिया गया, जबकि बाकी 13 समुद्र में जा गिरीं. इसके अलावा, दोनों क्रूज मिसाइलों को भी निशाना बनने से पहले ही नष्ट कर दिया गया. हालांकि, हवा में मिसाइलें फटने के कारण कई रिहायशी इलाकों में मलबा गिरा, जिससे संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है.
541 ड्रोनों से घेराबंदी और मची तबाही
ईरान ने सबसे बड़ा हमला 541 ड्रोनों के जरिए किया, जिनमें से 506 को सुरक्षा बलों ने मार गिराया. बाकी बचे 35 ड्रोन रिहायशी इलाकों और इमारतों पर गिरे. मंत्रालय के अनुसार, इन हमलों की चपेट में आने से नेपाल, पाकिस्तान और बांग्लादेश के एक-एक नागरिक की मौत हो गई. घायलों में भारत, श्रीलंका, मिस्र और इथियोपिया के नागरिक शामिल हैं. रविवार सुबह भी UAE ने 20 बैलिस्टिक मिसाइलों और 311 ड्रोनों को नष्ट किया है, जो सीधे तौर पर नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने के लिए भेजे गए थे.
नागरिक ठिकानों को बनाया गया निशाना
अबू धाबी से सामने आए खौफनाक वीडियो और तस्वीरों में आसमान में आग के गोले और मलबे गिरते साफ देखे जा सकते हैं. रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर अपने वायु सेना और रक्षा बलों की वीरता की सराहना की है. मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि 21 ड्रोन हमलों का उद्देश्य सीधे तौर पर रिहायशी बस्तियों को दहलाना था. इस तनावपूर्ण स्थिति के बाद पूरे खाड़ी क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं.