Koderma: कोडरमा जिला के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत उरवां मोड़ के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हजारीबाग से कोडरमा होते हुए बिहार की ओर जा रहा एक एलपीजी टैंकर अचानक बेकाबू हो गया और सामने से आ रही सवारी गाड़ी से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
70 वर्षीय रूपलाल सिंह की मौत, कई घायल
इस हादसे में 70 वर्षीय रूपलाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे में करीब 10 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
फुटपाथ पर बैठे लोग भी चपेट में आए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद अनियंत्रित टैंकर सड़क किनारे फुटपाथ की ओर बढ़ गया, जहां दुकान लगाए बैठे कई लोग उसकी चपेट में आ गए। इस दौरान कुछ मोटरसाइकिल सवार भी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल, कोडरमा भेजा गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चालक फरार, टैंकर जब्त
हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।