Jamshedpur: जमशेदपुर के MGM थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीगुमा तुरियाबेड़ा में रविवार सुबह एक घर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और परिवार की सालों की जमा-पूंजी कुछ ही मिनटों में राख में बदल गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।
पिछले महीने ही बसी थी नई गृहस्थी
बताया जा रहा है कि इस घर में पिछले महीने ही शादी हुई थी। नए जीवन की शुरुआत के लिए जो सामान जुटाया गया था शादी में मिले उपहार, नए कपड़े, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और जरूरी घरेलू वस्तुएं सब कुछ आग में जलकर नष्ट हो गया। परिजनों के अनुसार, उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला।
महिलाएं और बच्चे घर पर थे मौजूद
घटना के समय घर के पुरुष सदस्य काम पर बाहर गए हुए थे। घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। अचानक धुआं उठता देख घर में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर से कोई सामान बाहर नहीं निकाला जा सका।
स्थानीय लोगों ने दिखाई हिम्मत
आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। पानी और उपलब्ध साधनों से आग बुझाने की कोशिश की गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
लाखों के नुकसान का अनुमान, मुआवजे की मांग
अगलगी की इस घटना से परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पूरी गृहस्थी जल जाने से परिवार गहरे सदमे में है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता और मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपना जीवन पटरी पर ला सकें।