Seraikela News: सरायकेला-खरसावां में होली पर्व के अवसर पर समाहरणालय परिसर में हर्बल गुलाल स्टॉल का उद्घाटन उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने किया. यह गुलाल प्राकृतिक उत्पादों से तैयार किया गया है, जिसका निर्माण खरसावां आजीविका महिला संकुल संगठन के माध्यम से किया गया है.
इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि यह पहल सामूहिक उद्यमिता, स्थानीय संसाधनों के उपयोग और महिला आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने बताया कि हर्बल गुलाल न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि त्वचा के लिए भी सुरक्षित है, जिससे होली के दौरान रासायनिक रंगों से होने वाले नुकसान से बचा जा सकता है.
जानकारी के अनुसार जिले के सभी 9 प्रखंडों के 15 संकुल स्तरीय संगठनों से जुड़ी करीब 80 ग्रामीण महिलाओं ने इस गुलाल को तैयार किया है. स्थानीय स्तर पर प्राकृतिक और रसायनमुक्त उत्पाद तैयार कर महिलाएं न केवल जनस्वास्थ्य की दृष्टि से सुरक्षित विकल्प उपलब्ध करा रही हैं, बल्कि अपनी आय में भी वृद्धि कर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं.
हर्बल गुलाल पूरी तरह प्राकृतिक सामग्रियों से बनाया गया है और इसमें किसी भी प्रकार के रासायनिक तत्व का उपयोग नहीं किया गया है. यह पहल महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में जिले का एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है.