Seraikela News: कांड्रा-गम्हरिया मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई. रामचंद्र पेट्रोल पंप के पास चलती हुई एक ऑटो अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई. इस हादसे में ऑटो में सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो मासूम बच्चे, दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं.
सभी यात्री सड़क पर गिरकर घायल
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो गम्हरिया से तिरुलडीह की तरफ जा रही थी. लोगों ने बताया कि ऑटो चालक चलते वाहन में मोबाइल फोन देख रहा था. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और ऑटो सीधे डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पलट गई और उसमें बैठे सभी यात्री सड़क पर गिरकर घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया. सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ऑटो के पीछे कोई भारी वाहन नहीं आ रहा था. अगर पीछे से ट्रक या अन्य मालवाहक वाहन होता, तो दुर्घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी.
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और चालक की लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है.