परीक्षण की मुख्य विशेषताएं
रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इन परीक्षणों को बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अंजाम दिया गया। मिसाइल ने उच्च गति वाले मानव रहित हवाई लक्ष्यों को बीच हवा में ही सफलतापूर्वक भेदा। यह प्रणाली कम दूरी और कम ऊंचाई पर उड़ने वाले दुश्मन के विमानों, हेलीकॉप्टरों और ड्रोन्स को पलक झपकते ही तबाह करने में सक्षम है।
मिसाइल ने अलग-अलग रेंज और ऊंचाई पर अपने लक्ष्यों को सटीकता से निशाना बनाया। इसे मैन-पोर्टेबलबनाया गया है, यानी सैनिक इसे आसानी से अपने कंधे पर रखकर कहीं भी ले जा सकते हैं। इस सिस्टम को DRDO की हैदराबाद स्थित प्रयोगशाला द्वारा अन्य रक्षा केंद्रों के सहयोग से पूरी तरह भारत में डिजाइन और विकसित किया गया है।
दुश्मन के लिए काल है VSHORADS
VSHORADS का सबसे बड़ा फायदा इसकी गतिशीलता है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों या सीमावर्ती इलाकों में जहाँ भारी मशीनरी पहुंचाना मुश्किल होता है, वहां यह सिस्टम गेम-चेंजर साबित होगा। इसकी अत्याधुनिक इन्फ्रारेड होमिंग तकनीक दुश्मन के लक्ष्य से निकलने वाली गर्मी को पहचान कर उसे ट्रैक करती है, जिससे बचने का कोई रास्ता नहीं बचता।
यह मिसाइल सिस्टम भारतीय सेना की हवाई सुरक्षा क्षमताओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। यह स्वदेशी तकनीक हमारे सैनिकों को सीमा पर और अधिक सशक्त बनाएगी। हाल के दिनों में ड्रोन्स और छोटे हवाई हमलों के बढ़ते खतरे को देखते हुए, VSHORADS का सफल परीक्षण भारत की सुरक्षा रणनीति के लिए एक मील का पत्थर है। यह न केवल हमारी हवाई सीमाओं को सुरक्षित करेगा बल्कि रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगा।