Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र के बिड़रा गांव में सोमवार शाम करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मुख्य सड़क पर एक तेज रफ्तार अज्ञात स्कूटी सवार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी अचानक और तेज थी कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही स्कूटी सवार मौके से फरार हो गया.
शादी समारोह में जा रहे थे दंपति, पीछे से मारी टक्कर
घायलों की पहचान बिड़रा निवासी धनंजय माहली और उनकी पत्नी सुनीता माहली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे और रास्ते में यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे स्कूटी सवार ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में धनंजय माहली के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि उनकी पत्नी सुनीता माहली को कमर में गहरी अंदरूनी चोट लगी है, जिससे उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और उन्हें तत्काल इलाज की जरूरत पड़ी।
प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम अस्पताल रेफर
घटना की सूचना मिलते ही उप मुखिया गोपाल गोराई तुरंत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायलों को माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन अस्पताल में एक्स-रे मशीन का ऑपरेटर उपलब्ध नहीं होने के कारण सही जांच नहीं हो सकी। ऐसे में बेहतर इलाज और जांच के लिए दोनों घायलों को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है.