Ranchi: सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामला किशोरगंज रोड का है, जहां अज्ञात बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़िता दिव्या कुमारी मिश्रा ने इस संबंध में सुखदेव नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य 23 फरवरी को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बिहार के औरंगाबाद गए हुए थे। घर दो दिनों तक बंद रहा।
अलमारी तोड़कर जेवरात और कैश गायब
25 फरवरी की सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर का मुख्य ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करते ही सामान अस्त-व्यस्त दिखाई दिया। कमरे में जाकर देखा तो अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकद राशि और अन्य कीमती सामान गायब थे।
दर्ज शिकायत के मुताबिक चोरी हुए सामान में तीन सोने के मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, दो जोड़ी सोने की बालियां, मांगटीका, नथ, नौ जोड़ी चांदी की पायल, तीन चांदी की कटोरी, एक चांदी का चम्मच, दस चांदी के दीये और अन्य आभूषण शामिल हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सुखदेव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।