Jamshedpur: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कांचा गांव में मंगलवार रात एक पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। घर के अंदर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि dछोटे भाई ने गुस्से में बड़े भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इलाज के दौरान बड़े भाई की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पिता से विवाद के दौरान बढ़ा तनाव
जानकारी के मुताबिक, शेरू मार्डी खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि वह शराब पीने का आदी था। मंगलवार देर रात वह नशे की हालत में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर अपने पिता से उलझ गया।
देखते ही देखते कहासुनी ने झगड़े का रूप ले लिया। घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया और आवाजें सुनकर छोटा भाई मनीष मार्डी बीच-बचाव के लिए पहुंचा।
बीच-बचाव में हुआ खूनी संघर्ष
परिवार को संभालने की कोशिश कर रहे मनीष का भी शेरू से विवाद हो गया। गुस्से में आकर मनीष ने पास रखी कुल्हाड़ी उठा ली और बड़े भाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले के बाद शेरू मार्डी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर भागे।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घायल शेरू को पहले एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया।
रिम्स में इलाज के दौरान मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे उसकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी मनीष मार्डी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। एक परिवार के भीतर का विवाद जिस तरह जानलेवा साबित हुआ, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया है।