Jharkhand: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन सदन में मानगो नगर निगम की छह विकास योजनाओं को लेकर जोरदार चर्चा हुई। विधायक सरयू राय ने इन योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति में कथित देरी का मुद्दा उठाते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
सरयू राय ने किया सवाल
सरयू राय ने सदन को बताया कि नगर विकास विभाग के सचिव को इन योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति के लिए प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। उन्होंने सवाल किया कि 17 फरवरी को जिला योजना चयन समिति की बैठक में जिन योजनाओं का चयन हुआ था, क्या उन्हें मुख्य अभियंता और तकनीकी कोषांग से तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है या नहीं।
उन्होंने यह भी कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए मानगो नगर निगम के पास नागरिक सुविधा मद में पर्याप्त राशि उपलब्ध है। ऐसे में जब राज्य सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ रहा है, तो प्रशासनिक स्वीकृति में देरी का कारण क्या है, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दिया जवाब
सरकार की ओर से जवाब देते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि संबंधित योजनाओं को पहले ही स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा इस संबंध में औपचारिक पत्र भी जारी किया जा चुका है और स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
मंत्री के जवाब के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि योजनाओं की मंजूरी को लेकर जो आशंकाएं जताई जा रही थीं, वे निराधार हैं और विकास कार्यों में अब कोई बाधा नहीं है।