OTT Apps Ban In India: डिजिटल मनोरंजन के बढ़ते दायरे के बीच केंद्र सरकार ने आपत्तिजनक और नियमों के खिलाफ सामग्री पर बड़ा कदम उठाया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने अश्लील और अनियमित कंटेंट प्रसारित करने के आरोप में पांच ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को भारत में ब्लॉक कर दिया है। सरकार का कहना है कि ये ऐप्स सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) नियम, 2021 और निर्धारित एथिक्स कोड का पालन नहीं कर रहे थे, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
मोबाइल ऐप, वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स भी बंद
सरकारी आदेश के तहत संबंधित प्लेटफॉर्म्स के मोबाइल एप्लिकेशन, वेबसाइट्स और उनसे जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी निष्क्रिय कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भारत में इन प्लेटफॉर्म्स की पहुंच पूरी तरह से रोकी जा सके और आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार बंद हो।
किन ऐप्स पर गिरी गाज?
कार्रवाई की जद में आए प्लेटफॉर्म्स में मूडएक्स-वीआईपी, कोयल, प्लेप्रो, डिजी मूवीप्लेक्स और फील-जुगनू शामिल हैं। ये ऐप्स गूगल प्ले स्टोर, अपनी स्वतंत्र वेबसाइट्स और सोशल मीडिया के जरिए बड़ी संख्या में दर्शकों तक पहुंच बना रहे थे। जांच में सामने आया कि इन प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध अधिकांश कंटेंट "सॉफ्ट पोर्न’ श्रेणी का था और उसमें आयु-सीमा चेतावनी या कंटेंट वर्गीकरण जैसी जरूरी व्यवस्थाएं नहीं थीं।
शिकायतों के बाद शुरू हुई जांच
मंत्रालय को इन ऐप्स के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद की गई जांच में पाया गया कि प्रसारित वीडियो में न तो कोई ठोस कहानी थी और न ही कोई सामाजिक या रचनात्मक संदर्भ। साथ ही, आयु सत्यापन, कंटेंट रेटिंग और पेरेंटल कंट्रोल जैसी अनिवार्य व्यवस्थाएं भी मौजूद नहीं थीं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डिजिटल मीडिया पब्लिशर्स के लिए आईटी नियमों और इंटरमीडियरी गाइडलाइंस का पालन करना अनिवार्य है, अन्यथा ब्लॉकिंग जैसी कार्रवाई की जा सकती है।
इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को सख्त निर्देश
केंद्र सरकार ने इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (ISPs) को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि इन ऐप्स और वेबसाइट्स की भारत में पहुंच पूरी तरह से बंद की जाए। तकनीकी स्तर पर एक्सेस ब्लॉकिंग सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों को भी सक्रिय कर दिया गया है।
सरकार ने यह भी साफ किया है कि यह कदम पूरी OTT इंडस्ट्री के खिलाफ नहीं है, बल्कि केवल उन प्लेटफॉर्म्स के विरुद्ध है जो तय नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। प्रमुख प्लेटफॉर्म्स जैसे Netflix और Amazon Prime Video पहले से ही कंटेंट से पहले आयु चेतावनी, डिस्क्लेमर और पेरेंटल कंट्रोल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं और निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन करते हैं।
यूजर्स पर क्या पड़ेगा असर?
इन पांचों ऐप्स को अब भारत में एक्सेस नहीं किया जा सकेगा। जिन यूजर्स ने इनकी सदस्यता ले रखी है, वे भी सेवाओं का उपयोग नहीं कर पाएंगे। डिजिटल कंटेंट की निगरानी और ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर सरकार का यह कदम उसके सख्त रुख को दर्शाता है।