Gamharia: गम्हरिया स्थित विजय श्री ऑटोकॉम लिमिटेड के खिलाफ श्रम विभाग ने बड़ी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच में सामने आया कि कंपनी ने अपने कर्मचारियों से पूरा काम लेने के बावजूद उन्हें तय सरकारी दर से कम मजदूरी का भुगतान किया। इस मामले में लगभग 70 श्रमिकों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की गई है।
जांच में सामने आई कई अनियमितताएं
श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर के अनुसार, पूर्व में की गई जांच के दौरान कंपनी में कई तरह की गड़बड़ियां पाई गईं। इनमें न्यूनतम मजदूरी का उल्लंघन, बोनस का भुगतान नहीं करना, अवकाश के दिनों का वेतन न देना और अन्य श्रम कानूनों से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। मजदूरों की शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने न्यूनतम मजदूरी का दावा पत्र दायर किया, जिसे अब स्वीकृति मिल चुकी है।
मजदूरों के लिए दस गुना मुआवजे की मांग
दायर किए गए दावा पत्र में प्रभावित श्रमिकों को बकाया राशि के साथ दस गुना तक मुआवजा देने की मांग की गई है। अब यह मामला सहायक श्रम आयुक्त (ALCS) के पास जाएगा, जहां सुनवाई के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू
श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के उल्लंघन को गंभीरता से लिया गया है और कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप साबित होते हैं तो कंपनी को कड़ी सजा और आर्थिक दंड का सामना करना पड़ सकता है।
मजदूरों के अधिकारों से समझौता नहीं
श्रम विभाग ने दो टूक कहा है कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी संस्था द्वारा श्रमिकों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।