Deoghar News: देवघर जिले के मधुपुर क्षेत्र में इन दिनों एक बड़े ठगी मामले को लेकर हलचल मची हुई है. पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की पुलिस एक करोड़ रुपये की ठगी के आरोप में आरोपी युवक की तलाश में मधुपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की.
मामला पश्चिम बंगाल के रघुनाथगंज (उमरपुर शहर), जो फरक्का अनुमंडल के अंतर्गत आता है, की रहने वाली एक तलाकशुदा और संपन्न महिला से जुड़ा है. महिला वहां एक बड़े मार्केट कॉम्प्लेक्स की मालकिन है. इसी कॉम्प्लेक्स में मधुपुर के मीनाबाजार मोहल्ला निवासी एक युवक कंप्यूटर की दुकान चलाता था.
दुकान संचालन के दौरान युवक ने महिला से नजदीकियां बढ़ाईं
बताया जाता है कि दुकान संचालन के दौरान युवक ने महिला से नजदीकियां बढ़ाईं. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और रिश्ता काफी करीब हो गया. इसी दौरान जब महिला ने शादी की इच्छा जताई, तो युवक ने इस बात का फायदा उठाया. उसने महिला को भरोसा दिलाया कि शादी से पहले वह अपना व्यवसाय बढ़ाना चाहता है और इसके लिए उसे बड़ी रकम की जरूरत है.
युवक ने व्यापार विस्तार के नाम पर महिला से किस्तों में पैसे लेना शुरू किया. आरोप है कि पिछले वर्ष जनवरी से वह महिला के बैंक खाते से अपने खाते में धीरे-धीरे रकम ट्रांसफर कराता रहा. महिला उस पर भरोसा करती रही और उसे पैसे देती रही. इस तरह आरोपी ने कुल मिलाकर लगभग एक करोड़ रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए.
पूरी रकम निकलने के बाद युवक ने अपनी कंप्यूटर दुकान बंद कर दी
जैसे ही पूरी रकम निकल गई, युवक ने अचानक अपनी कंप्यूटर की दुकान बंद कर दी और फरार हो गया. जब काफी समय तक उसका कोई पता नहीं चला तो महिला को शक हुआ. अपने स्तर से जांच करने पर महिला को पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है और वह पश्चिम बंगाल का नहीं बल्कि झारखंड के मधुपुर का निवासी है.
अपने साथ ठगी होने का अहसास होने पर पीड़िता ने रघुनाथगंज थाना में आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई. इसके बाद मुर्शिदाबाद पुलिस आरोपी की तलाश में मधुपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संभावित ठिकानों पर छापेमारी की.
फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.