Jamtara: जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर मोड़ के पास रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल उत्पन हो गया।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय फुरकान अंसारी के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, फुरकान सुबह करीब 9 बजे धर्मपुर मोड़ स्थित एक दुकान पर नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
दहशत फैलाने के लिए की हवाई फायरिंग
गोलीबारी के बाद हमलावरों ने इलाके में भय का माहौल बनाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल फुरकान अंसारी को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, छापेमारी जारी
सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल, इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। घटना के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।